
मुंबई. दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार को देश में गोवा और महाराष्ट्र पहुंच गया है। अब मानसून तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 48 घंटों में दक्षिण और तटीय महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होगी। मानसून ने चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई और साथ ही साथ किसानों के चेहरे पर बारिश देखकर खुशी है। मौसम विज्ञान विभाग, मुंबई केंद्र के उप महानिदेशक केएस होसलीकर ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र में दस्तक दे दी है।
उन्होंने कहा कि मानसून हरनाई (तटीय रत्नागिरी जिले में), सोलापुर (दक्षिण महाराष्ट्र में), रामागुंडम (तेलंगाना) और जगदलपुर (छत्तीसगढ़) से गुजर रहा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और गोवा के सभी क्षेत्रों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, केरल, तटीय कर्नाटक, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 14 जून तक मुंबई में भारी बारिश होगी, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी। होसलीकर ने कहा कि अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र के कुछ अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अन्य राज्यों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
भारती मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून के प्रभाव के कारण गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर । , मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। लखनऊ के मौसम विभाग कार्यालय ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई।