मुरादाबाद में सिपाही ने खुद को गोली से उड़ाया, गुरुवार को दोनों को करनी थी कोर्ट मैरिज
यूपी के मुरादाबाद में फेसबुक पर दोस्ती रिलेशनशिप और उसके बाद प्रेमिका द्वारा शादी के लिए बनाए गए दवाब का अंजाम बेहद घातक निकला। प्रेमिका ने उसकी थाने में शिकायत की तो गुरुवार को कोर्ट मैरिज करने का वादा कर सिपाही ने उसे मना लिया। प्रेमिका को वह कमरे पर ले गया। इसके बाद अचानक सीने में कारबाइन से गोली मारकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या करने वाला सिपाही सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी का गनर था।
बताया जाता है कि बुलंदशहर जनपद के कोतवाली देहात के गांव रसूलपुर पिटारी निवासी मनीत प्रताप सिंह 2018 बैच का सिपाही था। वर्तमान में उसकी तैनाती पुलिस लाइन में चल रही थी। इन दिनों उसकी ड्यूटी मुरादाबाद देहात विधानसभा से सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर के रूप में थी। एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि मनीत कटघर के आदर्श नगर में कमल गुलशन के मकान में किराए पर रहता था। इसी मकान में दो अन्य सिपाही जमील खान और अनिल कुमार गौतम भी रह रहे थे। अनिल कुमार गौतम ने पुलिस को बताया कि शाम मनीत की मित्र उसके पास आई थी। वह रात में यहां ही मौजूद थी। जिस कारण जमील और अनिल मकान की छत पर सोने के लिए चले गए थे।
गुरुवार सुबह करीब चार बजे शोर शराबा होने पर वह नीचे आए तो देखा कि मनीत खून से लथपथ हालत में पड़ा था। जबकि उसकी कारबाइन भी चारपाई पर पड़ी थी। कमरे में मौजूद युवती ने बताया कि मनीत प्रताप ने खुद को गोली मार ली है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। खबर मिलने पर कटघर और गलशहीद थाने से पुलिस पहुंच गई। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि कटघर थाना क्षेत्र में सिपाही की मौत प्रथमदृष्टया आत्महत्या ही लग रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम वह कमरे पर पहुंची थी। गुरुवार को दोनों को कोर्ट मैरिज करनी थी। हमारी शादी के लिए परिजन तैयार नहीं थे।