
बांदा। पूर्व विधायक एंव पूर्व प्रधान के भतीजे को पुरानी रंजिश में गांव के ही दबंगों ने देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी। वह गुजरात में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन में कुछ दिन पहले ही गांव आया था। घटना के बादसे गांव में तनाव है। भारी संख्या में वहां पुलिस तैनात कर गई है।
घटना मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव की है। सोमवार की देर शाम विजय उर्फ लब्बू (28) पुत्र विनोद प्रताप सिंह घर के दरवाजे के नजदीक मंदिर के चबूतरे पर बैठा हुआ था। इसी बीच गांव के कुछ दबंग आ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चबूतरे से नीचे घसीटकर तमंचे से गोली मार दी। उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत है। विजय के परिजन तत्काल उसे शाम को जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर लाए। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। शव का आज पोस्ट मार्टम हुवा।
खबर मिलते ही जिला अस्पताल में देहात कोतवाली पुलिस पहुंच गई। उधर, घटनास्थल में भी अपर एसपी, क्षेत्राधिकारी फोर्स के साथ पहुंच गए और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आरोपियों के घर में दबिश दी गई। लेकिन वे हाथ नहीं लगे। बताते हैं कि हत्यारोपी पिता-पुत्र एक अन्य हत्या के प्रयास मामले में जेल जा चुके हैं।
जिला अस्पताल में मृतक के चाचा पूर्व प्रधान अवधेश सिंह ने बताया कि घर के सामने 50 फीट लंबा चबूतरा है। इसमें उन्होंने बाउंड्री कराई थी। जिस पर पहली जून को आरोपियों ने अपना दावा करते हुए दीवार गिरा दी थी। इसकी शिकायत देहात कोतवाली पुलिस और सीओ से की थी। पिता विनोद प्रताप सिंह गांव में ही डाकघर में डाकपाल हैं।
मृतक इस गांव के बाशिंदे और तिंदवारी से विधायक रहे चंद्रभान सिंह उर्फ चंदा भइया का खानदानी था। कोतवाली प्रभारी हुकुम पाल सिंह ने बताया कि घटना के दिन सुबह दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इस पर आरोपियों का धारा 151 में चालान कर दिया था।